Saturday, September 3, 2011

Maharastra Police:Anna Hazare: अन्ना की सुरक्षा के लिए 22 पुलिस कर्मी तैनात, अन्ना का आग्रह सादी वर्दी में रहे पुलिसकर्मी

अहमदनगर। समाज सेवी अन्ना हज़ारे भले ही खुद को आज भी आम नागरिक मानते हैं, लेकिन अहमदनगर की पुलिस उन्हें वीवीआईपी सिक्योरिटी देने की पूरी तैयारी कर चुकी है। स्थानीय प्रशासन की ओर से ये तय किया किया गया है कि अन्ना की सुरक्षा के लिए उनके साथ 22 पुलिस कर्मी हमेशा तैनात रहेंगे। शुक्रवार को इस बाबत अन्ना के साये की तरह अन्ना के साथ कुछ पुलिस वाले भी दिखे।

अहमदनगर के एसपी कृष्ण प्रकाश ने अन्ना को जेड कैटिगरी की सुरक्षा देने की पुष्टि करते हुए कहा, 'जनलोकपाल कानून के लिए सफलतापूर्वक आंदोलन चलाने के बाद अन्ना हजारे पूरे देश में मशहूर हो गए हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा जरूरी हो गई है। अन्ना पहले सुरक्षा कवर के लिए तैयार नहीं थे, लेकिन हम इसमें लापरवाही नहीं बरत सकते हैं। उन्होंने हमारी पेशकश अब स्वीकार कर ली है।'


हालांकि अन्ना अपने साथ वर्दी में मौजूद पुलिसकर्मियों के लिए तैयार नहीं थे। इसके लिए स्थानीय पुलिस से आग्रह किया कि उनके आस पास मौजूद पुलिस कर्मी सादी वर्दी में रहें। अन्ना के आग्रह को मान लिया गया है। इससे पहले शुक्रवार को ही अन्ना के आस पास सादी वर्दी में पुलिस मौजूद थी।

अन्ना को पहली बार सरकार की ओर से सुरक्षा मुहैया कराया जा रहा है ऐसा नहीं है। इससे पहले 2007 में भी अन्ना को सरकार की ओर से सुरक्षा दी गई थी लेकिन बाद में अन्ना के आग्रह पर उसे वापस ले लिया गया था।

सशक्त लोकपाल बनाने की मुहीम में जुटे अन्ना हज़ारे दिल्ली में 12 दिनों के अनशन के बाद गुरुवार को ही अपने गांव रालेगण सिद्धि लौटे हैं।

No comments:

Post a Comment